धर्मशाला। जायका परियोजना के तहत खनियारा से सकोह आने वाले कूहल का जीर्णोद्धार किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम धर्मशाला के वार्ड नंबर नौ सकोह की पार्षद ने एस्टिमेट बनाकर जल शक्ति विभाग को दे दिया है। अनुमति मिलने के बाद जायका परियोजना के तहत कूहल की मरम्मत होगी।
कूहल की मरम्मत होने से सकोह क्षेत्र की हजारों कनाल भूमि को सिंचाई की सुविधा मिल सकेगी। मौजूदा समय में कूहल टूटी होने के कारण सकोह क्षेत्र के किसान सिंचाई के लिए केवल बारिश पर ही निर्भर हैं। पार्षद सुषमा रंधावा ने बताया कि सालों से बंद पड़ी पूरी कूहल की खोदाई करवाई थी। इसके बाद पिंगल नाला में डंगे का निर्माण भी करवाया गया है।
इसके अलावा कूहल को पक्का करवा दिया गया है। मगर मुख्य स्रोत के पास कूहल टूटी होने के कारण पानी नहीं आ रहा है। अब जायका परियोजना के तहत इस पूरा कूहल का जीर्णोद्धार करवाया जाएगा। इससे कि किसानों को सिंचाई के लिए परेशान न होना पड़ेगा। इसके लिए नगर निगम की मेयर नीनू शर्मा और अधिकारियों से भी बात की है। कूहल ठीक होने से बंजर हो रही हजारों कनाल भूमि पर सिंचाई हो सकेगी और किसान आराम से खेती कर सकेंगे।