बैंक के चेयरमैन ने कार्यभार संभालने के बाद आए बदलाव की दी जानकारी
कहा- एनपीए में सकारात्मक कमी आने के बाद शुरू होगी कर्मचरियों की भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक की कार्यशील पूंजी में 1823 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है। दो साल पूर्व बैंक की कार्यशील पूंजी 16,260 करोड़ रुपये थी, जो कि अब बढ़कर 18,083 करोड़ रुपये हो गई है।
यह बात कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने मंगलवार को बैंक की 105वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य और चेयरमैन का पदभार संभालने के बाद बैंक की प्रगति में आ रहे बदलाव की जानकारी साझा करने को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही। पठानिया ने कहा कि 16 जनवरी, 2023 को उन्होंने बतौर बैंक चेयरमैन कार्यभार संभाला था और उस समय बैंक के अपने फंडस 1400 करोड़ रुपये थे, जो कि मौजूदा समय में बढ़कर 1553 करोड़ रुपये हो गए हैं।
इनमें 152 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि बैंक की जमा राशि 13,355 करोड़ से बढ़कर 14,890 करोड़ पहुंच गई है। जमा राशि में 1535 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा बैंक का निवेश 10,957 से बढ़कर अब 12,370 करोड़ हो गया है। निवेश राशि 1413 करोड़ रुपये बढ़ी है। वहीं, बैंक का ऋण 4163 करोड़ से 4424 करोड़ रुपये हो गया है। बैंक की ऋण राशि 261 करोड़ रुपये बढ़ी है। यही नहीं, बैंक का शुद्ध लाभ भी 48 करोड़ रुपये बढ़कर 121 करोड़ रुपये पहुंच गया है। इसमें 73 करोड़ रुपये की वृद्धि दर्ज की गई है, जो कि बैंक के 105 वर्ष के कार्यकाल में सबसे ज्यादा है।
उन्होंने बैंक के एनपीए की बात करते हुए जानकारी साझा की कि एनपीए 1148 करोड़ रुपये से घटकर अब 863 करोड़ रह गया है। 285 करोड़ एनपीए कम हुआ है। इसमें 8.08 प्रतिशत की कमी आई है। बैंक का नेट एनपीए 447 करोड़ रुपये से घटकर 212 करोड़ रुपये रह गया है। नेट एनपीए में 235 करोड़ रुपये की कमी आई है। इसमें 7.30 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। एनपीए में सकारात्मक कमी आने के बाद जल्द ही बैंक में खाली चल रहे पदों पर कर्मचारियों की भर्ती शुरू होगी। नई शाखाएं भी खोली जाएंगी। इस मौके पर मोती जोशी और करण पठानिया समेत अन्य बैंक के निदेशक भी उपस्थित रहे।