धर्मशाला। कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड (केसीसी) के 106वें स्थापना दिवस पर मंगलवार को बैंक के प्रबंध निदेशक जफर इकबाल ने कांगड़ा में बैंक ई-वाहन ऋण योजना का शुभारंभ किया। इस मौके पर जफर इकबाल ने कहा कि यह योजना व्यक्तिगत उपयोग के लिए इलेक्ट्रिक चौपहिया वाहनों की खरीद के लिए वित्तपोषण प्रदान करने के लिए शुरू की गई है। यह योजना बाजार में सबसे कम ब्याज दरों में पर ऋण प्रदान करती है। इसमें ब्याज दर पर 7.5 प्रतिशत और पुनर्भुगतान अवधि सात वर्ष तक निर्धारित की गई है।
उन्होंने कहा कि बैंक ने हाल ही में अपने मौजूदा वाहन ऋण उत्पादों पर ब्याज दर को आठ प्रतिशत से घटाकर 7.6 प्रतिशत किया है। बैंक का शुद्ध एनपीए 5.62 फीसदी से घटकर फरवरी 2026 तक 3.10 फीसदी रह गया है, जो प्रभावी रिकवरी उपायों और समझदारी भरे क्रेडिट जोखिम प्रबंधन को दर्शाता है। अप्रैल में एक कार्यक्रम का आयोजन होगा जिसमें श्रेष्ठ सेवाएं देने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्षमता में सुधार लाने के लिए दी जोगिंद्रा बैंक, राज्य सहकारी बैंक और केसीसी बैंक संयुक्त कार्यशाला का आयोजन करने जा रहा है, जिसमें विशेषज्ञ अपने अनुभव प्रदान करते हुए टिप्स प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि बैंक में स्टाफ की कमी और नई भर्ती के मामले सरकार के समक्ष उठाए गए हैं। न्यायालय के आदेशों के तहत पेंशनर के मामलों को भी निपटाया जा रहा है। इस मौके पर बैंक के महाप्रबंधक राकेश शर्मा और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।