धर्मशाला। इंदौरा तहसील के डमटाल में रिश्वत लेते पकड़े गए फील्ड कानूनगो सूरजपुर ब्लॉक संजीव कुमार और पटवारी देशराज को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। दोनों आरोपियों को पुलिस ने भूमि की निशानदेही की एवज में रिश्वत की आठ हजार रुपये की राशि लेते शनिवार को पकड़ा था। इसमें कानूनगो पांच हजार और पटवारी तीन हजार रुपये घूस लेते पकड़े थे। पटवारी देशराज पुन नियुक्ति पर कार्यरत थे।
एएसपी विजिलेंस धर्मशाला बद्री सिंह ने बताया कि आरोपियों को रविवार को अदालत में पेश किया गया, जहां उन्हें तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। जिला राज्य विभाग का अतिरिक्त कार्यभार देख रहे तहसीलदार राकेश कुमार ने बताया कि आरोपी कानूनगो और पटवारी की गिरफ्तारी की सूचना विजिलेंस से मिलने के बाद उनके खिलाफ विभाग की ओर से भी कार्रवाई की जाएगी। विभाग की ओर से निलंबन की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।