नूरपुर (कांगड़ा)। नूरपुर जिला भाजपा ने गुरु रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में सोमवार को नूरपुर के वाण (नागनी) स्थित संत रविदास मंदिर से जिला स्तरीय कलश यात्रा का शुभारंभ किया। यह यात्रा जिले के विभिन्न मंडलों तक पहुंचेगी, जहां सभी प्रमुख रविदास मंदिरों में पवित्र कलश स्थापित किए जाएंगे।
सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने बताया कि काशी की पावन धरा से लाई गई पवित्र मिट्टी को इन कलशों में रखा गया है। इन कलशों को मंडल अध्यक्षों को सौंपकर जिले भर के मंदिरों में स्थापित किया जाएगा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में समानता, समरसता, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता के संदेश को सुदृढ़ करना है।
इस अवसर पर स्थानीय विधायक रणवीर सिंह निक्का, पूर्व विधायक रीता धीमान, संजय गुलेरिया, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश काका, जिला महामंत्री राजेश्वर ठाकुर, अनूप राणा, दिनेश निखिल सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी व बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। संवाद