धर्मशाला। कबड्डी विश्व कप विजेता टीम की उपकप्तान पुष्पा राणा और स्टार खिलाड़ी भावना ठाकुर ने सोमवार को धर्मशाला में होने वाली नशा विरोधी वॉकाथॉन में युवाओं से बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से संदेश जारी करते हुए कहा कि प्रदेश का युवा आज चिट्टे (हेरोइन) की चपेट में आकर बर्बाद हो रहा है, और इस जानलेवा नशे ने कई घरों के चिराग बुझा दिए हैं।
कबड्डी खिलाड़ियों ने जोर देते हुए कहा कि इस सामाजिक बुराई के खिलाफ हम सभी को एकजुट होकर लड़ाई लड़नी होगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाने के लिए बड़ी संख्या में आगे आएं। चिट्टे के खिलाफ यह विशाल वॉकाथॉन सोमवार, 1 दिसंबर को सुबह 9:30 बजे दाड़ी मेला मैदान से शुरू होगी। इस आयोजन में 15,000 से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। पुष्पा राणा और भावना ठाकुर ने सभी से अपील की है कि वे समय पर पहुंचकर इस जन जागरूकता अभियान को सफल बनाएं।