बस अड्डा कांगड़ा में इकट्ठा हआ पानी, कीचड़ और कूड़े का ढेर। -संवाद
धर्मशाला। कांगड़ा बस अड्डा हर दिन हजारों यात्रियों की आवाजाही का केंद्र है लेकिन बदहाल व्यवस्था के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रवेश और निकासी द्वार पर बने गड्ढे बरसात में पानी से भर जाते हैं। इससे पूरा परिसर तालाब जैसा नजर आता है। निजी कंपनी के संचालन वाले बस अड्डे में हल्की बारिश के बाद ही गड्ढों में पानी भर जाता है। यात्रियों को पानी और कीचड़ के बीच से गुजरकर बसों तक पहुंचना पड़ता है।
स्थानीय दुकानदार पप्पू राम, अशोक कुमार, राहुल, रिंपल कुमार, पवन, रितेश, विजय कुमार, रमन, परवेश कुमार, अनिल, अमन, राजेश और रिंकू ने बताया कि बस अड्डे की बदहाली को लेकर कई बार संचालक कंपनी और एचआरटीसी अधिकारियों से शिकायत की गई लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
-
संचालन निजी कंपनी के पास
बस अड्डे का संचालन निजी कंपनी कर रही है। इसके कार्यों में निगम का कोई प्रत्यक्ष हस्तक्षेप नहीं है। सुबह करीब 10 बजे तक सफाई पूरी नहीं हो पाती। कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे रहते हैं।
-
बस अड्डा में निकासी के लिए नालियां और बहती कूहल ब्लॉक हो चुकी है। थोड़ी सी बारिश होने पर सारा पानी सड़क और बस अड्डा परिसर में इकट्ठा हो जाता है। अड्डा संचालन को इस बारे में अवगत भी करवाया है। -सुनील मेहरा, अड्डा प्रभारी कांगड़ा
बस अड्डा पानी और कूड़े की समस्या के संबंध में संबंधित क्षेत्रीय प्रबंधक को निर्देश जारी किए जाएंगे ताकि निकासी की उचित व्यवस्था की जा सके। -पंकज चड्ढा, मंडलीय प्रबंधक, एचआरटीसी धर्मशाला मंडल