जसूर (कांगड़ा)। वन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया ने शुक्रवार को नूरपुर के चौगान में बन रहे इंडोर स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के लिए कंपनी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में अधिकांश शिलान्यास सरकार की बिना मंजूरी के हुए हैं। उन्होंने बताया कि नूरपुर में जल्द भव्य, शानदार खेल स्टेडियम बनेगा, जिस पर सरकार 12.9 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। उन्होंने कहा कि यह इंडोर खेल स्टेडियम अपने आप में एक शानदार व आधुनिक स्टेडियम होगा। लगभग 15 से 20 दिनों में इसका ढांचा बन जाएगा और इसके बाद इसका 400 मीटर का सिंथेटिक ट्रैक बनाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस खेल स्टेडियम के निर्माण को लेकर कई मुश्किलें आईं, परंतु अंतत: इसका निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और हमारा प्रयास है कि इसका मार्च तक निर्माण कार्य पूरा कर इसे युवाओं को समर्पित किया जाएगा। इसके अलावा नूरपुर में बन रहा मातृ शिशु अस्पताल का निर्माण कार्य भी जोरों पर है और उसे भी जल्द ही जनता को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने इसके लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभार व्यक्त किया। नूरपुर में कॉलेज के नए भवन का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और इसे अगले वर्ष तक पूरा करने के निर्देश विभाग को दिए हैं। इस अवसर पर नगर परिषद नूरपुर के अध्यक्ष अशोक कुमार शिब्बू सहित कई गण्यमान्य लोग मौजूद थे।