बैजनाथ (कांगड़ा)। उपमंडल के टिकरी डूहकी के दंपती की ओर से किसी जहरीले पदार्थ का सेवन करने के बाद 32 वर्षीय प्रियंका की मौत के बाद ससुराल पक्ष पर मारपीट और प्रताड़ना का मामला दर्ज किया गया है। वहीं, पति का पालमपुर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
विवाहिता के माता-पिता ने सास और ससुर के विरुद्ध प्रियंका को प्रताड़ित और उससे मारपीट करने के आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। महिला के परिजनों ने पुलिस में दिए आरोप लगाया है कि प्रियंका की कोई भी संतान नहीं है। इसी को लेकर उसके सास-ससुर उसे अधिकांश मौकों पर प्रताड़ित करते रहते थे और बेटी के साथ मारपीट भी की जाती थी। बेटी ने उन्हें कई बार इसके बारे में बताया था। प्रियंका के पति का उपचार पालमपुर अस्पताल में चल रहा है और अब वह खतरे से बाहर है।
थाना प्रभारी यादेश ठाकुर ने बताया कि मृतका के परिजनों की शिकायत पर सास और ससुर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। संवाद