ज्वालामुखी (कांगड़ा)। नगर परिषद ज्वालामुखी पर कांग्रेस समर्थित गुट ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों ही महत्वपूर्ण पदों पर अपना परचम लहरा दिया है। नगर परिषद के दोनों शीर्ष पदों पर महिलाओं को सर्वसम्मति से कमान सौंपी गई है। वार्ड-1 से सोम किरण को अध्यक्ष और वार्ड-4 से दीप्ति शर्मा को उपाध्यक्ष चुना गया है।
कुल 9 वार्डों वाली इस नगर परिषद में इस बार 7 पार्षद कांग्रेस समर्थित और 2 पार्षद भाजपा समर्थित जीत कर आए हैं। नगर परिषद के गठन की औपचारिक प्रक्रिया के तहत कार्यवाहक एसडीएम अंशु चंदेल ने सभी 9 नवनिर्वाचित पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने वालों में सोम किरण शर्मा, सोमेश कौशिक, भावना सूद, दीप्ति शर्मा, नीरज शर्मा, सुमन शर्मा, पवन गोस्वामी, सुनील कुमार और अनिल प्रभा शर्मा शामिल रहे।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक संजय रतन, विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। विधायक संजय रतन ने सभी को बधाई देते हुए इसे जनता के विश्वास और विकास की जीत बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पद ढाई-ढाई वर्ष के लिए निर्धारित किए गए हैं, ताकि बाद में अन्य पार्षदों को भी नेतृत्व का अवसर मिल सके।
विधायक ने अपनी निधि से प्रत्येक वार्ड के लिए दो-दो लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शहर में स्वच्छता, पेयजल, सड़क और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
ज्वालामुखी को बनाएंगे आदर्श नगर : अध्यक्ष
नवनिर्वाचित अध्यक्ष सोम किरण ने कहा कि सभी पार्षदों को साथ लेकर ज्वालामुखी को एक आदर्श नगर परिषद बनाने के लिए काम किया जाएगा। वहीं उपाध्यक्ष दीप्ति शर्मा ने कहा कि उनका पहला फोकस शहर की सैनिटेशन (सफाई) व्यवस्था को मजबूत करना है, ताकि ज्वालामुखी को एक व्यवस्थित और आधुनिक नगर के रूप में विकसित किया जा सके।