धर्मशाला। पुलिस थाना भवारना के अंतर्गत गरला देई क्षेत्र में गाय खरीदने के लिए लिए गए ऋण को लेकर पति-पत्नी के बीच उपजा विवाद पुलिस तक पहुंच गया। पति द्वारा कथित तौर पर गाय खरीदने के नाम पर बैंक से लोन लेकर उसकी राशि शराब में उड़ाने पर पत्नी ने 112 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार शिकायत मिलने के बाद जब टीम मौके पर पहुंची तो शिकायतकर्ता महिला अपनी सास, चाची सास और बेटी के साथ घर पर मौजूद थी। महिला ने पुलिस को बताया कि उसने कुछ दिन पहले एक गाय खरीदी थी और दूसरी गाय के लिए बैंक से लोन लिया जाना था। आरोप है कि उसके पति प्रवीण कुमार ने उसे बताए बिना गाय के नाम पर बैंक से ऋण ले लिया और उस राशि को शराब पीने में खर्च कर दिया।
महिला के मुताबिक उसका पति पिछले दिन से लगातार नशे में था और सुबह भी उसने शराब पीनी शुरू कर दी। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी और झगड़ा बढ़ गया। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी पति कमरे में सोया हुआ मिला। एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने कहा कि महिला ने फिलहाल पति के खिलाफ किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई करवाने से इनकार कर दिया है। हालांकि, महिला ने पुलिस को कहा है कि यदि भविष्य में उसका पति उसे फिर से परेशान करेगा तो वह कानूनी कदम उठाएगी।