लंबागांव (कांगड़ा)। क्षेत्र के 27 वर्षीय युवक का किसी अपरिचित के घर के आंगन में अचेत अवस्था में मिलना पांच दिन बीत जाने के बाद भी रहस्य बना हुआ है। हालांकि युवक के पिता की ओर से शिकायत के बाद मामला दर्ज कर पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगालने में जुटी है, लेकिन अभी तक इस मामले में कोई सफलता हाथ नहीं लगी है। जानकारी के अनुसार बंधाऊं पंचायत के कोटलू गांव के शुभम गत रविवार को अपने घर से नौकरी के लिए साक्षात्कार देने होशियारपुर निकले थे।
इस रात को वह थुरल पुलिस चौकी के तहत आने वाली बैरघटा पंचायत के लयोरा गांव में किसी अपरिचित के घर के आंगन में बेसुध अवस्था में पड़े मिले। उक्त घर के अंदर सोई हुई बहु और सास को रात के डेढ़ बजे के करीब जब आंगन में कुछ गिरने की आवाज सुनाई दी और उन्होंने एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा हुआ देखा। पुलिस और परिजनों को युवक का मोटरसाइकिल उक्त घर से करीब 20-25 मीटर की दूरी पर सड़क के किनारे सही सलामत खड़ा हुआ मिला, जबकि युवक का बैग और मिठाई का डिब्बा उक्त घर के लेंटर पर मिला। वहीं, उसके गले की चांदी की चैन युवक से थोड़ी दूरी पर पड़ी थी। रविवार रात को ही अचेत अवस्था में पड़े युवक को पहले थुरल के अस्पताल लाया गया, जहां से उसको प्राथमिक उपचार के बाद टांडा रेफर कर दिया गया। युवक अभी भी बेहोशी की हालत में ही है। दूसरी ओर युवक के पिता का कहना है कि उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में एक व्यक्ति का नाम भी बताया है। उधर, इस संदर्भ में एएसपी कांगड़ा हितेष लखनपाल ने बताया कि युवक के पिता ने शुक्रवार को मामला दर्ज करवाया है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों और कॉल डिटेल खंगाल रही है।