धर्मशाला। जिला कांगड़ा में तीन दिन मौसम साफ रहने के बाद मंगलवार को मौसम में फिर करवट बदली। मंगलवार को पालमपुर क्षेत्र में भारी बारिश हुई और बीच-बीच में ओलावृष्टि भी हुई। वहीं, धर्मशाला सहित आसपास के क्षेत्र में हल्की बारिश दर्ज की गई।
इसके अलावा देहरा सहित अन्य इलाकों में भी मौसम खराब रहा और हल्की बारिश भी हुई। मौसम खराब रहने के कारण धौलाधार की पहाड़ियों में भी हिमपात हुआ। तीन दिन पहले हुई बारिश से धौलाधार की पहाड़ियां बर्फ से लद गई हैं। पूरी पहाड़ियां सफेद हो गई हैं। बर्फबारी और बारिश से पेयजल स्रोत भी रिचार्ज हो गए हैं और खड्डों-नालों में भी जल स्तर बढ़ गया है।