राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने काठगढ़ शिव मंदिर में की पूजा।
- फोटो : संवाद
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने इंदौरा से नशे के विरुद्ध बैरियर चौक से सैकड़ों विद्यार्थियों की जागरुकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विद्यार्थियों ने नशे के खिलाफ नारे लगाए। उन्होंने पोस्टर और बैनर उठाकर नशा न करने के दृढ़ संकल्प के साथ प्रदेश में सकारात्मक संदेश दिया। राज्यपाल ने कहा कि सभी राजनीतिक दलों को अपनी पार्टी का प्रचार करने से पहले यह प्रचार करना चाहिए कि हिमाचल नशे से कैसे बचेगा। नशे को समाप्त करके ही हम प्रदेश की समृद्ध संस्कृति को बचा सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से उन्होंने प्रदेश में नशामुक्ति अभियान आरंभ किया है, जो अब पूरे प्रदेश की आवाज बन गया है। नशे में संलिप्त बच्चों को उनके माता-पिता स्वयं सामने लाने लगे हैं, ताकि उनके बच्चों की जिंदगी बचाई जा सके।
राज्यपाल ने विद्यार्थियों से अपील की कि उन्होंने जिस प्रकार नशे के खिलाफ पोस्टर उठाकर रैली का आयोजन किया है वे इन पोस्टरों को घरों के पास चिपकाएं। इस तरह वह अन्य को भी सहयोग के लिए प्रेरणा देंगे। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज पंजाब में बढ़ते नशे के प्रचलन से सेना में भर्ती होने वाले नौजवान फिजिकल टेस्ट पास नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार को नशे के खिलाफ विधानसभा में कानून पास करने के लिए बधाई दी।
इससे पहले राज्यपाल ने मिनर्वा नर्सिंग महाविद्यालय भवन का लोकार्पण भी किया। साथ ही काठगढ़ मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। इस मौके पर सांसद राजीव भारद्वाज ने राज्यपाल का स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। इस दौरान विधायक मलेंद्र राजन भी मौजूद रहे।