सरकार 25 को बैजनाथ में मनाएगी पूर्ण राज्यत्व दिवस
आयोजन को लेकर विधायक किशोरी लाल ने बैठक में दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बैजनाथ (कांगड़ा)। कांगड़ा जिला के उपमंडल बैजनाथ में प्रदेश सरकार की ओर से 25 जनवरी को राज्य स्तरीय पूर्ण राज्यत्व दिवस का आयोजन किया जाएगा। प्रदेश सरकार की ओर से इस बारे में लिखित में आदेश जारी होने के बाद शनिवार को एसडीएम कार्यालय बैजनाथ में समस्त विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति में एक बैठक का आयोजन किया। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम देवी चंद ठाकुर ने की। इस बैठक में विशेष रूप में उपस्थित विधायक किशोरी लाल ने उपमंडल के अधिकारियों के साथ राज्य स्तरीय पूर्ण राज्यत्व दिवस के सफल आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की।
उन्होंने विभागाध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। किशोरी लाल ने कहा कि यह बैजनाथ के लोगों के लिए गौरव की बात है कि राज्य स्तरीय पूर्ण राज्यत्व दिवस समारोह का आयोजन इस बार बैजनाथ में किया जा रहा है। विधायक ने कहा कि शिव भूमि बैजनाथ में राज्य स्तरीय समारोह बड़ी धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूर्ण राज्यत्व दिवस की मुख्य की अध्यक्षता मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू करेंगे। इस दिन हिमाचल की सांस्कृतिक विविधता, परंपराएं और विकास कार्यों को प्रदर्शित किया जाता है।