धर्मशाला। समग्र शिक्षा के अंतर्गत प्रदेश के 20 फीसदी स्कूलों का इस वर्ष सोशल ऑडिट किया जा रहा है। इसको हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी की ओर से किया जा रहा है। कांगड़ा में सोशल ऑडिट समग्र शिक्षा के जिला परियोजना अधिकारी एवं जिला उपनिदेशक गुणवत्ता शिक्षा कंचन ज्योति के मार्गदर्शन में किया गया।
जिला समन्वयक डॉ. जोगिंद्र सिंह ने बताया कि कांगड़ा के सभी शिक्षा खंडों में यह ऑडिट हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के प्रशिक्षित अनुसंधानकर्ताओं द्वारा लगभग 575 स्कूलों में प्रथम चरण में संपन्न किया गया। इसमें सरकारी स्कूलों की संपूर्ण जांच की गई। इंफ्रास्ट्रक्चर से लेकर स्कूल के सभी प्रतिमानों को देखा गया। स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्यों, अभिभावकों तथा अन्य सामुदायिक सदस्यों से भी स्कूल विकास से लेकर पढ़ने-पढ़ाने पर प्रश्न पूछे गए। अभी ये ऑडिट पूर्णतः संपन्न नहीं हुआ है। अभी प्रत्येक शिक्षा खंडों में सार्वजनिक सुनवाई करवाई जाएगी, जिसमें सामुदायिक जनों, पंचायत प्रतिनिधियों, शिक्षा विद्धानों, प्रशासनिक अधिकारियों को सम्मलित किया जाएगा। ऑडिट प्रतिवर्ष 20 प्रतिशत स्कूलों का होगा तथा 2030 तक सभी स्कूलों को इसमें कवर किया जाएगा। कांगड़ा के जिन स्कूलों में ऑडिट किया गया है, उसकी रिपोर्ट 10-15 दिन में आएगी।