देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत गरीब परिवारों को मिले पक्के मकानों से उनके जीवन में आए बदलाव की प्रेरक कहानियां अब पूरे देश के सामने रखी जाएंगी। केंद्र सरकार का ग्रामीण विकास मंत्रालय पीएमएवाई-जी के 10 वर्ष पूरे होने पर ‘10 ईयर्स, 10 स्टोरीज’ शीर्षक से एक विशेष कॉफी टेबल बुक तैयार कर रहा है।
इसके लिए हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण विकास विभाग ने सभी विकास खंडों से योजना के लाभार्थियों की सफलता की कहानियां मांगी हैं। चयनित कहानियों में योजना का लाभ मिलने से पहले लाभार्थी परिवार की संघर्ष भरी जिंदगी, आर्थिक स्थिति, पक्के मकान से मिले लाभ और इसके बाद उनके सामाजिक व आर्थिक जीवन में आए बदलाव को प्रमुखता से दर्शाया जाएगा।
जारी निर्देशों के अनुसार प्रत्येक सफलता की कहानी को पूरी तरह से दस्तावेजी रूप में तैयार करना होगा। कहानी को और अधिक जीवंत बनाने के लिए लाभार्थी और पीएम आवास के अंदरूनी व बाहरी हिस्सों के 15 से 20 उच्च गुणवत्ता वाले फोटो उपलब्ध करवाने होंगे। इसके अतिरिक्त लाभार्थियों के अनुभवों और योजना के प्रभाव को दर्शाने के लिए 30 से 90 सेकंड की अवधि के 2 से 3 संक्षिप्त वीडियो भी तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग ने यह पूरी जानकारी निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध करवाने को कहा है, ताकि समय रहते इसे निदेशालय को भेजा जा सके। बीडीओ परागपुर मीना कुमारी ने बताया कि पीएम आवास योजना-ग्रामीण के तहत लाभार्थियों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव को दर्शाने के लिए कहानियां, फोटो और वीडियो तैयार कर भेजे जा रहे हैं।