कांगड़ा। स्थानीय पुलिस थाना के अंतर्गत तहसील चौक के समीप होशियारपुर रोड वाली गली में स्थित एक सुनार की दुकान में चोरी हो गई। चोरों ने दुकानों से 200 ग्राम चांदी पर हाथ साफ कर दिया और सुनार को चूना लगाकर मौके से भाग गए।
घटना वाली जगह शहर का बेहद व्यस्त क्षेत्र है, जहां दिन-रात वाहनों की आवाजाही रहती है और आसपास कई रिहायशी मकान भी स्थित हैं। शहर के बीचों-बीच हुई चोरी की इस वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और लोगों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
चोरी की यह पूरी घटना दुकान के भीतर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। दुकान मालिक रनवीर सिंह के अनुसार चोर हजारों रुपये मूल्य की चांदी का सामान चुरा ले गए हैं।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी कांगड़ा मनोज धीमान ने बताया कि पीड़ित दुकानदार की शिकायत के आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है। दुकान से लगभग 200 ग्राम चांदी चोरी हुई है। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।