राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खैरा में अलुमिनी मीट में उपस्थित पूर्व छात्र। संवाद
खैरा (कांगड़ा)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खैरा में विद्यालय प्रशासन और एसएमसी की ओर से पूर्व छात्रों के सम्मान में एलुमनी मीट का आयोजन किया। मीट में करीब 100 पूर्व छात्रों ने उपस्थिति दर्ज करवाई। इस अवसर पर जहां विभिन्न वक्ताओं ने अपने विचार रखे, वहीं पूर्व छात्रों ने पुरानी यादें साझा कीं। साथ ही प्रधानाचार्य की ओर से की नई पहल की सराहना की।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में प्रवेश करते ही सभी पूर्व छात्रों और अन्य अतिथियों का फूलों से स्वागत किया। इसके बाद उन्हें बैज लगाए गए। वहीं, दिवंगत शिक्षाविद विष्णु दत्त शर्मा और बलिदानी दिनेश राणा सहित कई अन्य विभूतियों को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। प्रधानाचार्य विजय शर्मा ने बताया कि विद्यालय के पूर्व छात्रों ने सेना, शिक्षा, स्वास्थ्य, राजनीति, व्यवसाय सहित विभिन्न सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों में उच्च पद पर आसीन होकर स्कूल के नाम को चमकाया है। इस दौरान सभी पूर्व छात्रों ने पूर्व छात्र मंच गठन की पैरवी भी की।
इस विशेष अवसर पर पूर्व छात्रों में पूर्व सीपीएस जगजीवन पाल, एम्स राजकोट के पूर्व निदेशक डाॅ. सीडी कटोच, वरिष्ठ मंडलीय प्रबंधक सीएस चौहान, अवर सचिव प्रताप मेहरा, कर्नल शक्ति चंद, कर्नल करतार रनौत, शिक्षाविद राजिंदर शर्मा, युद्धवीर कटोच, कर्नल कुलदीप और अन्य शामिल रहे।