अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में मंगलवार की शाम इतिहास के पन्नों में दर्ज होने जा रही है। 16 साल के आईपीएल इतिहास में पहली बार यह खूबसूरत मैदान किसी प्लेऑफ मुकाबले की मेजबानी करेगा। आईपीएल 2026 के क्वालीफायर-1 में पिछले साल की चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बंगलूरु (आरसीबी) और गुजरात टाइटंस (जीटी) आमने-सामने होंगी। क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि धौलाधार की पहाड़ियों की गोद में सजे क्रिकेट के सबसे बड़े रोमांच का उत्सव होगा। शाम 7:30 बजे शुरू होने वाले इस मुकाबले को लेकर क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह है। लीग चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए आरसीबी 18 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर रही। बेहतर नेट रन रेट के दम पर बेंगलुरु ने पहला स्थान हासिल किया। दूसरी ओर, गुजरात टाइटंस भी 18 अंक लेकर दूसरे स्थान पर रही और पूरे सीजन में बेहद संतुलित प्रदर्शन किया।