लंबागांव (कांगड़ा)। लंबागांव में रविवार तड़के एक स्लेटपोश मकान में अचानक आग भड़कने से दो कमरे जलकर राख हो गए। आग की ऊंची लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने शोर मचाकर मकान मालिक को सतर्क किया और दमकल विभाग को सूचना दी। जयसिंहपुर से पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाकर साथ लगते अन्य मकानों को चपेट में आने से बचा लिया।
पुलिस के अनुसार यह सरूप कुमार और उनके भाई विजय कुमार का सांझा मकान था। रविवार तड़के करीब 3 बजे जब मकान में आग लगी, उस समय सरूप कुमार घर से बाहर शौच के लिए गए थे, जबकि उनकी पत्नी और बच्चे बिलासपुर स्थित मायके में थे। वहीं, उनका भाई विजय कुमार मकान के निचले कमरे में सोया हुआ था।
सूचना मिलते ही जयसिंहपुर से दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। जब तक आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया गया, तब तक मकान के दोनों कमरों की छतें व अंदर रखा सामान जल चुका था। गनीमत रही कि दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से आग आसपास नहीं फैली, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
वहीं, सूचना मिलने के बाद रविवार सुबह पटवारी अश्वनी चाढ़क ने मौके की रिपोर्ट तैयार कर प्रशासन को भेज दी है। उन्होंने कहा कि आग की वजह से प्रभावितों को करीब चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा ने कहा आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस लंबागांव पुलिस जांच में जुटी है, ताकि घर में आग लगने के वास्तविक कारणों को पता लगाया जा सके।
लंबागांव में आग बुझाते दमकल विभाग के कर्मचारी। -स्रोत : जागरुक पाठक
लंबागांव में आग बुझाते दमकल विभाग के कर्मचारी। -स्रोत : जागरुक पाठक
लंबागांव में आग बुझाते दमकल विभाग के कर्मचारी। -स्रोत : जागरुक पाठक
लंबागांव में आग बुझाते दमकल विभाग के कर्मचारी। -स्रोत : जागरुक पाठक