बीड़ बिलिंग घाटी में पर्यटक सीजन के दौरान लगा जाम। -संवाद
बीड़ (कांगड़ा)। विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग घाटी बीड़ बिलिंग में शनिवार को मौसम के बदलते मिजाज ने दूर-दराज से पहुंचे पर्यटकों के उत्साह पर पानी फेर दिया। शनिवार सुबह मौसम साफ रहने पर धूप खिलने के साथ ही उड़ानें शुरू हुईं, लेकिन कुछ ही देर में घाटी को बादलों और गहरी धुंध ने घेर लिया।
इसके चलते पूर्वाह्न 11 बजे के बाद सुरक्षा के मद्देनजर पैराग्लाइडिंग की कोई भी उड़ान नहीं हो सकी। पायलट और पर्यटक दिनभर मौसम साफ होने का इंतजार करते रहे, लेकिन शाम तक आसमान में घने बादल छाए रहने से उड़ानें बहाल नहीं हो पाईं। इससे रोमांच की उम्मीद लेकर पहुंचे पर्यटकों को मायूस होना पड़ा।
गुजरात से आए पर्यटक श्याम सुंदर और दिल्ली की नेहा व अमीषा ने कहा कि वे विशेष रूप से पैराग्लाइडिंग का आनंद लेने पहुंचे थे, लेकिन मौसम खराब होने के कारण उन्हें बिना उड़ान भरे ही लौटना पड़ा। उधर, बिलिंग घाटी के संकरे मार्ग पर वाहनों की कतारें लग गईं, जिससे कई वाहन दिनभर फंसे रहे। बाद में स्थानीय पायलटों और टैक्सी चालकों ने कड़ी मशक्कत कर देर शाम जाम खुलवाया। संवाद
बीड़ बिलिंग घाटी में पर्यटक सीजन के दौरान लगा जाम। -संवाद