देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। उपमंडल देहरा के अंतर्गत आने वाले कई गांवों में मक्की की फसल पर फॉल आर्मी वर्म (लश्करी कीड़ा) के बढ़ते हमले से किसान बेहद परेशान हैं। कीट के लगाता हमले से क्षेत्र में मक्की की फसल को भारी नुकसान पहुंच रहा है, जिससे किसानों को बड़े आर्थिक नुकसान की चिंता सताने लगी है।
किसानों का आरोप है कि बार-बार शिकायतें करने के बावजूद कृषि विभाग की कोई भी टीम अब तक प्रभावित खेतों का निरीक्षण करने मौके पर नहीं पहुंची है और न ही बचाव के लिए कोई प्रभावी कदम उठाया गया है। पाईसा पंचायत के तहत चुहाड़, दसमां, चाहड़ा, जुकनंडी, जखूई सहित आसपास के तमाम गांवों के किसानों ने बताया कि इस बार कीट का प्रकोप बहुत तेजी से फैल रहा है।
स्थानीय किसान करनैल सिंह, विजय सिंह, हरनाम सिंह, अजय सिंह, महिंद्र सिंह, बिट्टू और सतीश सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि उन्होंने अपनी जेब से महंगी दवाएं खरीदकर मक्की की फसल पर स्प्रे किया था। इससे कुछ दिनों तक तो राहत मिली, लेकिन करीब 10 दिन बाद फॉल आर्मी वर्म ने दोबारा फसल पर हमला कर दिया। अब स्थिति यह है कि कई खेतों में फसल पूरी तरह नष्ट होने की कगार पर पहुंच गई है।
पीड़ित किसानों ने कृषि विभाग से मांग की है कि विशेषज्ञों की टीम जल्द से जल्द प्रभावित गांवों का दौरा करे। साथ ही विशेष शिविर लगाकर किसानों को नि:शुल्क दवा व स्प्रे पंप उपलब्ध कराए जाएं और कीट नियंत्रण के वैज्ञानिक उपाय बताए जाएं। उधर, कृषि विभाग देहरा के विषय वाद विशेषज्ञ (एसएमएस) रंजन कमल ने कहा कि विभाग की टीम मंगलवार को संबंधित गांवों का दौरा करेगी। उन्होंने कहा कि किसान फॉल आर्मी वर्म से बचाव की दवा विभागीय कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं।