धर्मशाला। जिला मुख्यालय धर्मशाला में हाल ही में सामने आए नाबालिग छात्रा के कथित अपहरण मामले को लेकर शिव सेना हिंद संगठन ने वीरवार को उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग उठाई है।
शिव सेना हिंद संगठन के प्रदेशाध्यक्ष नरेंद्र धीमान सहित अन्य ने आरोप लगाया कि एक युवक ने वास्तविक पहचान छिपाकर क्षेत्र में निवास और कार्य किया। उस पर एक नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के आरोप भी लगाए गए हैं।
ज्ञापन में कहा गया है कि यह मामला केवल एक परिवार की सुरक्षा का नहीं, बल्कि शहर में अन्य राज्यों से आने वाले लोगों के सत्यापन, नाबालिगों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने आशंका जताई कि कहीं इस प्रकार की घटनाओं के पीछे कोई संगठित गिरोह या नेटवर्क सक्रिय न हो। इस दौरान प्रांत गोरखा प्रमुख तरुण जस, संगठन के जिलाध्यक्ष अवनीश राज चौहान, आशा कौशल, प्रांत युवा छात्र प्रमुख बादल बराड़, युवा सुरक्षा प्रमुख अभिषेक धीमान, संगठन से धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र प्रमुख हर्ष, प्रांत के मार्गदर्शक अजय शर्मा व अन्य मौजूद रहे।