पालमपुर (कांगड़ा)। नगर निगम पालमपुर के वार्ड बंदला में एक बिजली कर्मी करंट लगने से झुलस गया। घायल कर्मी को पालमपुर अस्पताल लाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए टांडा मेडिकल रेफर कर दिया गया। बिजली कर्मी को करंट कैसे लगा है, इसकी जांच बिजली बोर्ड ने शुरू कर दी है। पुलिस भी मामले की जांच कर रही है। बुधवार रात आए अंधड़ के कारण बंदला में बिजली के तारें टूट गए थे।
इसे ठीक करने के लिए बिजली कर्मी बंदला पहुंचे। बताया गया कि इस बीच खंभे पर करंट आ गया, जिससे बिजली ठीक कर रहा बिजली कर्मी प्रशांत चौधरी (25) को करंट लग गया। जांच का विषय है कि बिजली ठीक करते समय बिजली का खंभे पर करंट कैसे आ गया। इससे बिजली बोर्ड की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। उधर, बिजली बोर्ड पालमपुर के अधिशाषी अभियंता अंकुर शर्मा ने कहा कि मामले में हर तथ्य की जांच की जा रही है। उधर, थाना प्रभारी भपेंद्र ठाकुर ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर इसकी जांच शुरू कर दी है।