धर्मशाला। शहर में आवारा कुत्ते अब लोगों के लिए गंभीर परेशानी बनते जा रहे हैं। गली-मोहल्लों से लेकर बाजारों और रिहायशी क्षेत्रों तक आवारा कुत्तों के झुंड खतरा बने हुए हैं। लोगों को घरों से बाहर निकलते समय भी डर सताने लगा है। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे कोतवाली बाजार में टैक्सी स्टैंड के पास एक बुजुर्ग राहगीर पर आवारा कुत्ते ने पीछे से हमला कर दिया और टांग में काट दिया।
इसके अलावा धर्मशाला के साथ लगते रक्कड़ में भी एक बच्ची कुत्ते के हमले में लहूलुहान हो गई। बच्ची की टांग पर काफी चोटें आई हैं। दोनों घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला पहुंचाया गया जहां प्राथमिक उपचार और एंटी-रेबीज का टीका लगाने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
चिंताजनक बात यह है कि इस माह अब तक कुत्तों के काटने के 67 मामले धर्मशाला अस्पताल में सामने आ चुके हैं। कई स्थानों पर कुत्तों के झुंड राहगीरों के पीछे दौड़ पड़ते हैं जिससे लोग चोटिल होने के डर से रास्ता बदलने को मजबूर हैं।
-
कोतवाली बाजार में कुत्ते के एक व्यक्ति को काटने का मामला ध्यान में आया है। इसके लिए एनजीओ को कह दिया है और वे बुधवार दोपहर से पहले कुत्ते को पकड़ लेंगे। -करिश्मा छेत्री, पार्षद, कोतवाली बाजार
धर्मशाला अस्पताल में मंगलवार को कुत्ते के काटने के दो मामले सामने आए हैं। इस माह अभी तक 67 मामले सामने आए हैं। दोनों घायलों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। -डॉ. अनुराधा शर्मा, एमएस, क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला