बैजनाथ (कांगड़ा)। श्रम कल्याण अधिकारी जिला कांगड़ा की ओर से भवन एवं सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत कामगारों को तीन महीने व्यक्तिगत रूप से अपने उप कार्यालय पालमपुर और धर्मशाला में बुलाकर ई-केवाईसी करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
सन्निर्माण कामगार संघ जिला कांगड़ा के अध्यक्ष गुरदास राम सांख्यान ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार ओर बोर्ड की अधिसूचना के अनुसार इस प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए आदेश जारी किए गए हैं। इसके तहत कामगार को व्यक्तिगत कॉल की जाती थी और मोबाइल पर ओटीपी मांगकर ई-केवाईसी का काम किया जाता है लेकिन अब इसके लिए कार्यालय बुलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कार्यालय में ज्यादा भीड़ होने तथा कभी इंटरनेट की समस्या, या अन्य कोई कारण होने से अधिकांश मौके पर जाकर उसी दिन ई-केवाईसी नहीं हो पा रही है। इस कारण दूरदराज क्षेत्रों छोटा भंगाल, चढ़ियार, मुुनगल, जयसिंहपुर,आलमपुर के कामगार उप कार्यालयों में अपनी दिहाड़ी तोड़कर और बस किराया खर्च कर पालमपुर ओर धर्मशाला उप कार्यालय में आने के लिए मजबूर हो रहे हैं। यूनियन ने जिला कांगड़ा अधिकारी को मांगपत्र सौंपा है कि 15 दिनों के भीतर अपने फैसले को वापस लिया जाए और ई-केवाईसी को पहले की तरह दूरभाष पर ओटीपी लेकर किया जाए। ऐसा न होने पर यूनियन को मजबूर होकर संघर्ष की राह पर उतरना पड़ सकता है।
लेबर वेलफेयर ऑफिसर लोकेश शर्मा ने बताया कि फोटो लोड करने के बाद ही ई-केवाईसी हो पा रही है और इसके लिए कार्यालय में आना जरूरी है। दूरदराज के मजदूरोंं के समीप की पंचायत में एकत्रित होने पर उनकी ई- केवाईसी उसी स्थान पर की जा सकेगी।