लंबागांव (कांगड़ा)। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर पानी की समस्या का हल करने हेतु शिकायत करने पर नल का कनेक्शन काटने के मामले में जल शक्ति विभाग हरकत में आया है। विभाग के कर्मचारी की ओर से काटा गया कनेक्शन अब बहाल कर दिया है और विभाग दोषी पर कार्रवाई की भी तैयारी कर रहा है। अमर उजाला ने इस मामले को प्रमुखता से उठाया था।
जानकारी के अनुसार लंबागांव खंड की सकोह पंचायत के करोंठी गांव के अशोक कुमार के नल में पिछले 12 दिन से पीने का पानी नहीं आ रहा था। जिस पर पीड़ित ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर 18 मई को शिकायत दर्ज करवा दी। पीड़ित के शिकायत दर्ज करवाने के बाद विभाग की ओर से 20 मई को समस्या का हल करने के बजाय कनेक्शन ही काट दिया। इस पर पीड़ित ने अपनी आप बीती अमर उजाला को बताई। अमर उजाला ने इस मुद्दे को 22 मई के अंक में समस्या का हल करने के बजाय विभाग ने कनेक्शन ही काट दिया के शीर्षक से प्रकाशित किया था। खबर छपते ही विभाग हरकत में आ गया। अब पीड़ित के काटे गए कनेक्शन को सकोह पंचायत के प्रधान की मौजूदगी में जोड़ दिया।
इस संबंध में जब जल शक्ति विभाग लंबागांव के सहायक अभियंता बलदेव चौधरी ने कहा कि काटे गए कनेक्शन को चालू कर दिया गया है। इस मामले में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उधर, पंचायत प्रधान सुशील शर्मा ने बताया कि विभाग ने उनकी मौजूदगी में बंद किए गए कनेक्शन को चालू कर दिया है।