जालग में वालीबाल प्रतियोगिता की विजेता टीम स्थानीय ग्रामीणों और आयोजकों के साथ। स्रोत : आयोजक
जालग (कांगड़ा)। बलिदानी हवलदार मस्तराम की स्मृति में जालग में आयोजित दो दिवसीय मेमोरियल वॉलीबाल प्रतियोगिता का रविवार को समापन हो गया। समापन समारोह में पूर्व विधायक रविंद्र रवि धीमान ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल मैच में बिलासपुर और दीनानगर (पंजाब) के बीच मुकाबला खेला गया जिसमें दीनानगर ने जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में चंडीगढ़ और 17 पंजाब रेजिमेंट आर्मी की टीम आमने-सामने हुई जहां चंडीगढ़ ने जीत हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबले में दीनानगर और चंडीगढ़ के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दीनानगर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को 35 हजार रुपये और ट्रॉफी जबकि उपविजेता टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान की गई।
दीनानगर के खिलाड़ी मुनीश को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। चंडीगढ़ के कार्तिक को ऑलराउंडर खिलाड़ी और नितिन को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया। तीनों खिलाड़ियों को 1100-1100 रुपये की पुरस्कार राशि भी प्रदान की गई।
प्रतियोगिता कमेटी के प्रधान रत्न चंद ने बताया कि दो दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में सेना, पुलिस तथा विभिन्न राज्यों और जिलों की टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों ने मुकाबलों का आनंद लिया। आयोजन के माध्यम से बलिदानी हवलदार मस्तराम को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।