जवाली (कांगड़ा)। नगर परिषद जवाली के वार्ड-9 स्थित धीमान मोहल्ला में स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था न होने से लोगों में भारी रोष है। करीब 150 घरों वाले इस मोहल्ले में सूर्यास्त होते ही अंधेरा छा जाता है जिससे लोगों को रात के समय आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर परिषद की ओर से मोहल्ले में एक भी नई लाइट नहीं लगाई गई है। कुछ स्थानों पर लगी लाइटें भी पिछले एक माह से बंद पड़ी हैं। कई जगहों पर लाइटें लगाने के लिए खंभे तो लगा दिए गए हैं लेकिन अब तक लाइटें स्थापित नहीं की गई हैं। वे नियमित रूप से हाउस टैक्स देते हैं।
इसके अलावा बिजली, पानी और सफाई के लिए भी अलग-अलग शुल्क वसूला जाता है। बावजूद इसके उन्हें मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है। यदि सुविधाएं नहीं दी जाएंगी तो वे नगर परिषद को टैक्स देना बंद कर देंगे। यदि एक सप्ताह के भीतर मोहल्ले में स्ट्रीट लाइटें नहीं लगाई गईं तो वे मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, शहरी विकास मंत्री और शहरी विकास विभाग से शिकायत करेंगे।
वहीं, पूर्व चेयरमैन एवं पूर्व पार्षद पुष्पा चौधरी ने कहा कि वार्ड-9 में स्ट्रीट लाइटों के लिए पिछले वर्ष ही टेंडर हो चुका है।
ठेकेदार तारों के बंडल और 100 लाइटें भी उपलब्ध करवा चुका है। कई स्थानों पर खंभे लगाए जा चुके हैं और तारें भी बिछाई जा चुकी हैं। संवाद