धर्मशाला। लंबे वीकेंड के चलते धौलाधार की वादियां पर्यटकों से पूरी तरह गुलजार हो गई हैं। शुक्रवार को गांधी जयंती के अवकाश के बाद शनिवार को भी पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़ से बड़ी संख्या में सैलानी पर्यटन नगरी धर्मशाला और मैक्लोडगंज पहुंचे।
पर्यटकों की भारी आमद से निजी होटलों में ऑक्यूपेंसी 100 फीसदी तक दर्ज की गई है। इससे होटल, रेस्तरां और टैक्सी कारोबारियों के चेहरे खिल उठे हैं। मैक्लोडगंज, भागसूनाग और धर्मकोट के बाजारों में दिनभर भारी चहल-पहल बनी रही। सैलानियों ने सुहावने मौसम के बीच पहाड़ों के खूबसूरत नजारों का आनंद लिया और एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम सहित विभिन्न पर्यटन स्थलों का रुख किया।
होटल एवं रेस्तरां एसोसिएशन धर्मशाला के महासचिव विवेक महाजन ने बताया कि अक्तूबर माह की शुरुआत में ही होटलों का पैक होना आगामी पर्यटन सीजन के लिए शुभ संकेत है।
पर्यटकों की बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने मैक्लोडगंज में क्यूआरटी (क्विक रिएक्शन टीम) तैनात कर दी है। इसके साथ ही परौर में आयोजित तीन दिवसीय राधा स्वामी सत्संग में करीब दो लाख श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए क्षेत्र का ट्रैफिक रूट भी डायवर्ट किया गया है, ताकि जाम की स्थिति न बने।