धर्मशाला। जिला मुख्यालय धर्मशाला में इस बार आईपीएल और पर्यटन सीजन से स्थानीय कारोबारियों के चेहरे खिल उठे हैं। होटल, रेस्टोरेंट, टैक्सी, कैफे और छोटे व्यापारियों का शानदार कारोबार हुआ है। स्थानीय व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों का कहना है कि पिछले साल की तुलना में इस बार कारोबार में लगभग 20 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आईपीएल मैचों के दौरान बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी धर्मशाला पहुंचे। पर्यटन सीजन के चलते भी पर्यटकों की आवाजाही लगातार बनी रही।
होटल कारोबारियों का कहना है कि मैचों और छुट्टियों के दौरान अधिकांश होटल बुक रहे। टैक्सी ऑपरेटरों, रेस्तरां संचालकों और हस्तशिल्प व्यापारियों की आय में भी बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा पर्यटकों व क्रिकेट प्रेमियों ने जिले के प्रमुख मंदिरों का भी रुख किया। इससे मंदिरों के आसपास के कारोबारियों को भी काफी लाभ मिला।
इस बार पर्यटन सीजन शुरू होते ही ज्वालामुखी में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी है। वीकेंड पर बाजार में अच्छी रौनक देखने को मिल रही है। पिछले कुछ दिनों से प्रसाद, चुनरी और धार्मिक सामग्री की बिक्री में बढ़ोतरी हुई है। -अमित सूद, प्रसाद एवं धार्मिक सामग्री विक्रेता, ज्वालामुखी
गर्मी की छुट्टियों और पर्यटन सीजन का असर कारोबार पर साफ दिखाई दे रहा है। पर्यटक और श्रद्धालु बाजार में काफी समय बिता रहे हैं। आने वाले दिनों में व्यापार और बेहतर होने की उम्मीद है। -सोनू ठाकुर, रेस्टोरेंट-ढाबा संचालक, ज्वालामुखी
आईपीएल मैच और पर्यटन सीजन से धर्मशाला में कारोबार को काफी बूस्ट मिला है। इस बार धर्मशाला में लोकल कारोबार लगभग 90 फीसदी तक रहा है जो कि पिछले साल के मुकाबले 20 फीसदी बढ़ा है। -अनुज कश्यप, अध्यक्ष, व्यापार मंडल, कोतवाली
आईपीएल मैचों से होटल कारोबार को काफी लाभ मिला है। मैचों के दौरान लोगों ने एडवांस बुकिंग करवाई। होटलों में लगभग 100 फीसदी ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। इससे होटल कारोबारियों के चेहरे खिल उठे। -राहुल धीमान, अध्यक्ष, होटल एवं रेस्तरां एसोसिएशन, धर्मशाला
अनुज कश्यप
अनुज कश्यप