धर्मशाला। धौलाधार की वादियों में स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में जल्द ही सफेद गेंद की जगह लाल गेंद का रोमांच देखने को मिलेगा। यहां 29 सितंबर से भारत-ए और ऑस्ट्रेलिया-ए महिला टीमों के बीच चार दिवसीय मल्टी-डे मुकाबला खेला जाएगा। इस अहम मैच के लिए हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ (एचपीसीए) ने 20 सितंबर से पिच तैयार करने की कवायद शुरू करने का निर्णय लिया है।
चार दिन तक चलने वाले इस मुकाबले में पिच का मिजाज खेल की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगा। शुरुआत में नई गेंद से तेज गेंदबाजों को मिलने वाली हल्की स्विंग और सीम बल्लेबाजों की परीक्षा लेगी। जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ेगा, विकेट के स्वभाव में बदलाव से स्पिनर्स की भूमिका भी बढ़ेगी। इसे ध्यान में रखते हुए मिट्टी, नमी, घास और रोलिंग पर विशेष काम किया जा रहा है।
ऑस्ट्रेलिया-ए महिला टीम के इस दौरे में तीन टी-20, तीन वनडे और एक मल्टी-डे मैच शामिल है। टी-20 न्यू चंडीगढ़ और वनडे मोहाली में खेले जाएंगे। इसके बाद दोनों टीमें धर्मशाला पहुंचेंगी, जहां सुबह 9:30 बजे से शुरू होने वाले इस चार दिवसीय मैच के साथ दौरे का समापन होगा।
ये हैं भारतीय टीम की खिलाड़ी
मल्टी-डे मुकाबले के लिए विकेटकीपर-बल्लेबाज यास्तिका भाटिया को भारत-ए टीम की कप्तानी सौंपी गई है, जबकि अनुष्का शर्मा उपकप्तान होंगी। टीम में शुभा सतीश, प्रिया पुनिया, तानिशा सिंह, तेजल हसबनिस, निक्की प्रसाद, ममता मडिवाला, सुष्री दिब्यदर्शिनी, शुची उपाध्याय, वैष्णवी शर्मा, सायली सतघरे, जितिमनी कालिता, शबनम शकील और अक्षिता भगत को शामिल किया गया है।