चामुंडा माता मंदिर में मंगलवार का उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़। संवाद
ज्वालामुखी/कांगड़ा/चामुंडा। श्रावण अष्टमी मेले के छठे दिन मंगलवार को कांगड़ा जिले के प्रमुख शक्तिपीठों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। जिले के तीन प्रमुख मंदिरों में करीब 50 हजार भक्तों ने शीश नवाकर पूजा-अर्चना की। सबसे अधिक 38 हजार श्रद्धालुओं ने ज्वालामुखी मंदिर में दर्शन किए, जबकि श्री चामुंडा नंदिकेश्वर धाम में 8 हजार और कांगड़ा के माता बज्रेश्वरी देवी मंदिर में 4 हजार श्रद्धालुओं ने माथा टेका।
श्री चामुंडा नंदिकेश्वर धाम में भारी बारिश के बावजूद भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ और श्रद्धालु कतारों में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। पूरा मंदिर परिसर मां के जयकारों से गूंजता रहा। कांगड़ा मंदिर अधिकारी प्रकाश चंद ने बताया कि मेले के पांचवें दिन की गणना के अनुसार श्रद्धालुओं ने 2,13,926 रुपये का चढ़ावा चढ़ाया।
थाना प्रभारी आदर्श बरियाल की देखरेख में पुलिस और होमगार्ड के जवान व्यवस्था बनाए रखने में जुटे हैं। उधर, ज्वालामुखी मंदिर अधिकारी अजय मंडयाल ने बताया कि पांचवें दिन मंदिर में 5,08,849 रुपये का चढ़ावा अर्पित किया गया। उन्होंने बताया कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सप्तमी और अष्टमी पर मंदिर के कपाट 24 घंटे खुले रखे जाएंगे।
चामुंडा माता मंदिर में मंगलवार का उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़। संवाद