शिक्षण संस्थान शुरू करने को लेकर बैजनाथ एसडीएम को ज्ञापन सौंपा शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि
- फोटो : Kangra
बैजनाथ (कांगड़ा)। प्रशिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों ने कोरोना महामारी के चलते प्रभावित हो रहे शिक्षण व प्रशिक्षण कार्य से जुड़े संस्थानों को कोविड एसओपी के तहत सीमित क्षमता अनुसार खोलने की अनुमति देने की मांग उठाई। इस संबंध में एसडीएम सलीम आजम को ज्ञापन सौंपा।
शिक्षण व प्रशिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों ने कहा कि उपमंडल के अंतर्गत आने वाले विभिन्न शिक्षण व प्रशिक्षण संस्थानों से जुड़े लोग कोरोना नियमों का पालन करते हुए संस्थान खोलने की अनुमति की मांग करते हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के चलते शिक्षण व प्रशिक्षण कार्य लंबे समय से प्रभावित रहे हैं। कोरोना महामारी के चलते शिक्षण कार्य से जुड़े संस्थान जिसमें मुख्यत: कोचिंग व ट्यूशन संस्थान, स्किल डेवलपमेंट संस्थान, कंप्यूटर सेंटर आदि चलाने वालों की आर्थिक समस्याएं भी बढ़ गई है। संस्थान किराए के भवनों से संचालित हैं, जिससे आर्थिक मार और ज्यादा पड़ रही है।
संस्थान बंद रहने से प्रतियोगिताओं और परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं को भी बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में कोविड एसओपी के तहत उन्हें संस्थानों की अनुमति प्रदान की जाए।