संवाद न्यूज एजेंसी
कांगड़ा। पुलिस थाना कांगड़ा के अंतर्गत तकीपुर के चतरा पुल के नीचे जली हालत में दिल्ली के व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया है। मामले की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि तकीपुर के चतरा पुल के नीचे जली अवस्था में व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। इस पर डीएसपी कांगड़ा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अरुण सिंह (36) पुत्र वासुदेव सिंह निवासी दिल्ली का शव बरामद किया।
मृतक गाजियाबाद स्थित कंपनी में कार्यरत था जो पुलों की भार क्षमता मापती है। कंपनी के 5 से 6 कर्मचारी करीब तीन दिन पहले ही यहां आए थे जिसमें अरुण भी शामिल था। मौका पर मौजूद कंपनी के कर्मचारियों के बयान दर्ज किए हैं। डीएसपी अंकित शर्मा ने बताया कि प्राथमिक दृष्टि में किसी अटैक आने से आग में गिरना मौत का कारण लग रहा है। शव का पोस्टमार्टम टांडा मेडिकल कालेज में करवाया गया है।