नगरी (कांगड़ा)। क्लूंड पंचायत में एक दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय लड़के की मौत हो गई। पंचायत के प्रधान नरेंद्र भट्ट ने बताया कि प्रिंस भट्ट अपने पिता विनोद कुमार के साथ बांस का घास काटने गया था और उस दौरान प्रिंस एक बांस को छुड़ाने के लिए खींच रहा था, जैसे ही बांस छूटा प्रिंस नाले में जा गिरा। इसके चलते उसका सिर पत्थर से टकरा गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
प्रिंस शहीद राकेश कुमार वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चचियां में 12वीं कक्षा में पढ़ता था। प्रधान नरेंद्र भट्ट ने पुलिस को सूचित किया और बच्चे का अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया, ताकि भविष्य में गरीब परिवार की सरकार की तरफ से दुर्घटना सहायता की चार लाख रुपये की राशि प्रदान की जा सके। प्रधान नरेंद्र भट्ट ने एसडीएम पालमपुर अमित गुलेरिया से संपर्क कर गरीब परिवार की फौरी राहत करने की अपील की। मौके पर अमित गुलेरिया ने कानूनगो राजेश राणा, पटवारी राजेश कुमार, लेख राज पटवारी बल्ला के हाथों 10 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की।