राजा का तालाब (कांगड़ा)। पुलिस चौकी गंगथ के गांव पड़रुही की लापता युवती का 22 दिन बाद शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवती का शव सोमवार को गांव के कुएं से मिला है। यह हादसा या कुछ और यह तो पुलिस की तफ्तीश में ही सामने आएगा। डीएसपी नूरपुर साहिल अरोड़ा ने मामले की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार प्रियंका (23) पुत्री रमेश चंद निवासी पड़रुही 17 फरवरी को घर से लापता हुई थी। इसकी सूचना 18 फरवरी को सुबह परिजनों को लगी। परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि बीमार होने की वजह से 17 फरवरी को शाम के समय प्रियंका खाना खाने के बाद दवाई खाकर अपने कमरे में सोने चली गई। अगली सुबह जब उसकी माता प्रियंका के कमरे में गई, तो वह अपने कमरे में नहीं थी। इस बाबत परिजनों ने उसकी तलाश में रिश्तेदारों और प्रियंका के दोस्तों के पास उसे ढूंढा, परंतु उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला। थक-हारकर परिजनों ने प्रियंका की गुमशुदगी की शिकायत 18 फरवरी को ही पुलिस चौकी गंगथ में दर्ज करवा दी। वहीं, पुलिस ने प्रियंका की तलाश के लिए पर्चे छपवाकर भी बांटें, परंतु सफलता नहीं मिली।
सोमवार सुबह गांव के ही व्यक्ति ने उसका शव गांव के कुएं में देखकर इसकी सूचना पंचायत प्रधान व उसके परिजनों को दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।