अमर उजाला ब्यूरो
मारंडा (कांगड़ा)।
बुधवार को ठाकुरद्वारा के पास राम नगर कालोनी में वन भूमि पर रह रहे सात परिवारों के अवैध कब्जों को विभाग की टीम ने हटा दिया। यह कार्य हाईकोर्ट के निर्देशानुसार हुआ।
डीएफओ वीएस यादव ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेशों पर ठाकुरद्वारा के समीप वन भूमि पर कब्जों को तोड़ा गया है। 27 मार्च को इससे संबंधित आदेश हाईकोर्ट की ओर से मिले थे।
ठाकुरद्वारा के साथ लगती वन भूमि पर रह रहे सात परिवारों को पहले भी हटाने के आदेश आए थे। कोर्ट से स्टे मिलने के कारण यह मामला लटक गया था। अब फिर हाईकोर्ट से आए आदेश के बाद बुधवार को वन विभाग की टीम ने पुलिस और राजस्व विभाग के सहयोग से कार्रवाई की। बुधवार को वन भूमि पर रह रहे सात परिवारों रोशन लाल, ब्रह्मी देवी, पुरुषोत्तम, हरि सिंह, राम कली, साधु राम, दीपराज, जकनू राम, सुधी देवी, लीरू राम, रूमलाल और ईश्वर दास के मकानों को हटाने के आदेश हाईकोट ने दिए थे। इस पर पूर्व में हुई कार्रवाई के तहत इनके बिजली, पानी के कनेक्शन काट दिए गए थे।
इसके बाद मामला कोर्ट में जाने के बाद कार्रवाई रुक गई थी। अब कब्जा हटाने के आदेश आते ही इन कब्जों को हटा दिया गया है। हालांकि वन विभाग की कार्रवाई में महिलाओं ने विरोध भी किया लेकिन विभाग ने एक नहीं सुनी। इन मामले को देख रहे वन अधिकारी समिति के अक्षय जसरोटिया ने कहा कि वन अधिकार के तहत मामले को फिर हाईकोर्ट में लगाया जाएगा ताकि लोगों को उनके अधिकार मिल सके।