नूरपुर (कांगड़ा)।
नूरपुर थाना क्षेत्र के गांव पंजाहड़ा से सटे जंगल में पेड़ से लटका शव मिलने से सनसनी मच गई है। मृतक की पहचान केवल सिंह (46) निवासी पंजाहड़ा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार केवल सिंह शनिवार सुबह गांव से सटे जंगल में लकड़ियां लेने गया था। सुबह जंगल से लकड़ियों का एक गठरा घर छोड़कर वह दोबारा लकड़ियां लाने जंगल गया, लेकिन वापस घर नहीं लौटा। इस दौरान एक व्यक्ति ने जंगल में पेड़ से लटका शव देखा तो तुरंत इसकी सूचना गांव वालों को दी। गांववासियों ने इसकी जानकारी नूरपुर पुलिस को दी।
नूरपुर पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और पेड़ से लटके शव को जमीन पर उतार कर पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी संदीप शर्मा ने बताया कि केवल सिंह मेहनत-मजदूरी का काम करता था और अपने पीछे पत्नी के अलावा दो बेटे और एक बेटी छोड़ गया है। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं लग पाया है, पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।