अमर उजाला ब्यूरो
इंदौरा (कांगड़ा)। थाना इंदौरा में विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। हरदीप सिंह पुत्र गुरदयाल सिंह वासी सुरडवा और सोहन सिंह पुत्र प्रीतम सिंह निवासी पलाख ने थाना इंदौरा में दर्ज शिकायत में कमल सभ्रवाल निवासी चनौर पर विदेश भेज कर नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। उन्होंने शिकायत में कहा कि आरोपी ने रूस का वीजा और नौकरी दिलाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति से तीन लाख 10 हजार रुपये में सौदा पक्का किया।
शिकायतकर्ता ने कुछ धनराशि आरोपी के बैंक खाते में डाली और बाकी के नकद 6.20 लाख गांव के प्रतिष्ठित व्यक्तियों के सामने आरोपी को दिए। आरोपी ने कुछ दिन बाद दोनों युवकों को दिल्ली एयरपोर्ट पर बुलाया और उन्हें टूरिस्ट वीजा थमा दिया। युवकों के पूछने पर आरोपी ने कहा कि रूस में उसके कर्मचारी दोनों को वर्क वीजा मुहैया करवा देंगे। आरोपी की बातों पर विश्वास कर दोनों युवक रूस पहुंच गए, लेकिन मात्र चार दिन के बाद उन्हें वापस भारत भेज दिया गया। देश लौटने पर उन्होंने आरोपी से इस बारे पूछा और अपने पैसे वापस मांगे, लेकिन आरोपी ने पैसे लौटाने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि आरोपी ने क्षेत्र के दो और युवकों प्रेम चंद पुत्र बिशंभर दास वासी चुहड़पुर और बलकार सिंह पुत्र हजारा सिंह वासी घंडरा से भी विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी की है। इंदौरा थाना प्रभारी देवानंद ने बताया कि शिकायत की गहन जांच के दौरान पाया गया कि आरोपी कमल सभ्रवाल ने चारों युवकों को विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी की है। आरोपी के खिलाफ थाना इंदौरा में धारा 420 के तहत मामला दर्ज किया है और आरोपी के खिलाफ जल्द कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।