जयसिंहपुर में मिला पंजाब के पेंटर का जला हुआ शव
काफी दिन से बंद था कमरा, सफाई के लिए खोला तो होश उड़ गए
किराये के कमरे में रह रहा था पवन उर्फ काला
अमर उजाला ब्यूरो
लंबागांव (कांगड़ा)। जयसिंहपुर उपमंडल के ब्रह्मपुरी मोहल्ले के पास एक व्यक्ति का जला हुआ शव उसके किराये के कमरे में मिला है। मृतक की पहचान पवन उर्फ काला (35) अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी के साथ यहां पर पेंटर का काम करता था। पत्नी 22 दिसंबर से यहां पर नहीं है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पालमपुर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस छानबीन कर रही है।
पुलिस के अनुसार पवन दुकाननुमा शटर वाले कमरे में रहता था। कमरे के पिछले हिस्से में कुछ दिनों से ताला लटका हुआ था, जबकि आगे दुकान का शटर बंद था। मकान मालिक अनु शर्मा ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि कई दिनों से कमरे में ताला लगा होने से उन्होंने सोचा था कि शायद वह कमरा छोड़कर चले गए हैं। ऐसे में उनकी मां ने कमरे की सफाई करने को अगले हिस्से से शटर खोला, तो जला हुआ शव देखा। उन्होंने पंचायत प्रधान को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। साथ ही क्षेत्रीय फोरेंसिक लैब धर्मशाला के सहायक निदेशक एसके पॉल और उनकी टीम के सदस्य विनय ने भी मौके पर जाकर साक्ष्य जुटाए।
उधर, जयसिंहपुर के डीएसपी प्रताप चंद ठाकुर ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पालमपुर अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता लगाया जा सकेगा।