नगरोटा सूरियां (कांगड़ा)। स्थानीय बाजार में डिग्री कॉलेज के छात्रों में झड़प हो गई। इस झड़प में एक छात्र लहूलुहान हो गया। हैरानी इस बात की है कि मौके पर खड़ी पुलिस ने भी इस पर कोई कार्रवाई नहीं की और न ही घायल छात्र का उपचार करवाया। इससे स्थानीय लोगों ने कानून व्यवस्था पर रोष जताया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नगरोटा सूरियां के बीच बाजार में अचानक कालेज के कुछ छात्रों में झड़प हो गई। देखते ही देखते एक छात्र के सिर पर चोट लगने से वह खून से लथपथ हो गया, जिसे देखकर दूसरा छात्र वहां से भाग गया। लोगों ने बताया कि उस समय एक पुलिस कर्मी भी मौके पर मौजूद था। बावजूद इसके न तो छात्रों में उनका डर दिखा और न ही आरोपियों पर कोई कार्रवाई पुलिस कर्मी ने की। जानकारी के अनुसार घायल छात्र हरसर पंचायत और मारने वाला छात्र घाड़ जरोट पंचायत का बताया जा रहा है। लोगों ने पुलिस विभाग के आला अधिकारियों से मांग की है कि सुरक्षा पर विशेष ध्यान दें। थाना प्रभारी जवाली नीरज राणा ने बताया कि उन्हें इस संदर्भ में कोई जानकारी नहीं है। मामले की पूरी जानकारी के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।