बैजनाथ (कांगड़ा)। उपमंडल के चोबू गांव की मल्लण खड्ड में दोस्तों के साथ नहाने उतरा युवक पानी में डूब गया। पानी गहरा होने के कारण अभी तक युवक का कोई पता नहीं चल सका है। स्थानीय लोगों सहित मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चलने पर प्रशासन ने एनडीआरएफ की टीम को बुलाया। युवक की पहचान चोबू के समीप के भूलाना गांव के 18 वर्षीय तरुण राणा पुत्र संजय कुमार के रूप में हुई है।
युवक अपने तीन-चार दोस्तों के साथ शुक्रवार दोपहर करीब साढे़ बारह बजे खड्ड में नहा रहा था कि अचानक गहरे पानी में चला गया, लेकिन वापस नहीं आ सका। साथ गए युवकों ने इसकी सूचना लोगों को दी। घटना का पता चलते ही आसपास के लोगों युवक की तलाश शुरू कर दी, लेकिन दो घंटे की तलाश के बाद भी युवक का पता नहीं चल सका। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। देर शाम तक युवक का पता नहीं चलने पर एनडीआरएफ के जवानों को तलाश के लिए बुलाया गया है। उधर, डीएसपी बैजनाथ प्रताप ठाकुर ने बताया कि पुलिस युवक की तलाश कर रही है।
नगरोड नाथ की गहराई आज तक किसी को पता नहीं
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मल्लण खड्ड के इस स्थान को नगरोड नाथ के नाम से जाना जाता है। बुजुर्गों के अनुसार इस स्थान में एकत्रित पानी की गहराई का अब तक किसी को पता नहीं चल सकी है। अधिकांश गांववासी खड्ड के इस स्थान पर डुबकी लगाने से परहेज करते हैं। निचले क्षेत्र की खड्डों में अनेक ऐसे स्थान हैं, जहां पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता।