पानीपत। पुलिस की सीआईए-थ्री ने गांव रजापुर निवासी दर्शन की हत्या के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने दर्शन की हत्या चोरी की ट्राली का पर्दाफाश होने के डर से की थी। आरोपियों ने दर्शन को चोरी की ट्राली बेची थी। जब दर्शन को इसका पता चला तो वो पुलिस को इसकी जानकारी देने की बात कह रहा था। इसलिए आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
सीआईए ने दर्शन की हत्या के आरोप में प्रदीप पुत्र बलबीर व दीपक पुत्र मदन निवासी गांव ज्ञासपुर जिला सोनीपत को गिरफ्तार किया है। वहीं पुलिस ने दर्शन की हत्या क्यों की गई, इसकी पूरी जानकारी आरोपियों से लेने के लिए उन्हें कोर्ट में पेश किया और दो दिन के रिमांड पर लिया। डीएसपी सतीश वत्स ने शुक्रवार की शाम को आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि आरोपियों ने चोरी की ट्राली दर्शन को बीस हजार रुपये में बेची थी। वहीं ट्राली चोरी की है इसकी जानकारी दर्शन को मिल गई थी और वह आरोपियों को कई बार यह कह चुका था कि चोरी की ट्राली की जानकारी वह पुलिस को देगा। गौरतलब है कि 12 जून की सुबह दर्शन पुत्र सत्यपाल निवासी गांव रजापुर का शव एचएसआईआईडीसी की ग्रिल पर लटका मिला था। वहीं पुलिस ने दर्शन की हत्या के आरोप में उसके भाई की शिकायत पर चार लोगों पर हत्या के आरोप में केस दर्ज किया था। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने सोनीपत के गांव पपनेर से ट्राली चोरी की थी। चोरी की इस वारदात की जानकारी दर्शन पुलिस को न दे इसके चलते आरोपियों ने विक्रम निवासी भरतपुर जिला करनाल हाल किरायेदार ज्ञासपुर के साथ मिलकर दर्शन की हत्या की योजना बनाई। 11 जून की रात को आरोपी प्रदीप योजनाबद्ध तरीके से दर्शन के पास पहुंचा और उसे ट्राली को मामले में समझौता करने का झांसा देकर अपनी बाइक पर बैठा कर एचएसआईआईडी के पास ले आया। यहां पर प्रदीप, दीपक व विक्रम ने दर्शन की पहले पिटाई की और फिर उसके परने से गला दबा कर हत्या कर दी। हत्यारों ने दर्शन के शव को ग्रिल पर लटका कर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि आरोपी विक्रम फरार है, इसकी पुलिस तलाश कर रही है, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।