जसूर (कांगड़ा)। क्षेत्र के रेलवे फाटक के पास एक महिला का मोबाइल फोन चोर उड़ा ले गए, वहीं साथ लगते शिव मंदिर से भी चोरों ने गल्ले में रखे पीतल के दो नागों पर हाथ साफ कर दिया। क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की वारदातों से दहशत में जी रहे लोगों ने सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार जसूर रेलवे फाटक के पास महिला चंदा शर्मा घर जा रही थी। उसी दौरान दो युवक उसके पास से गुजरे। वे युवक कब उसका मोबाइल फोन उड़ा ले गए, उसे पता भी नहीं चला। जब उसे फोन चोरी होने का अहसास हुआ तो उसने युवकों को इधर-उधर ढूंढा लेकिन वे कहीं नहीं मिले। चंदा के अनुसार उसने दो माह पहले ही 20 हजार रुपये का मोबाइल फोन खरीदा था। वहीं दूसरे मामले में पुरानी सब्जी मंडी के पास बने शिव मंदिर में चोरों ने गल्ले से पीतल के दो नाग उड़ा लिए। जसूर निवासी अशोक घई, राजकुमार शर्मा, कल्लू शर्मा, मुन्ना, कांता देवी, सुरेखा देवी, साहिल, दलजीत गुलेरिया, रिजुल, अरुणेश भंडारी आदि ने कहा कि रेलवे लाइन के पास काफी संदिग्ध लोगों का सुबह-शाम जमावड़ा रहता है। उन्होंने पुलिस व जिला प्रशासन ने क्षेत्र में नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है। वहीं इस संदर्भ में पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।