जसूर (कांगड़ा)। नूरपुर उपमंडल के चक्की खड्ड में खनन माफिया ने अब लोगों की निजी भूमि के आसपास भी खनन करना शुरू कर दिया है। ऐसा मामला शुक्रवार रात खन्नी पंचायत के गुदली गांव में पेश आया। जब भूमि मालिक ने विरोध किया, तो खनन माफिया के लोगों ने भूमि मालिक से मारपीट कर उसे लहूलुहान कर दिया।
जानकारी के अनुसार रजनीश मन्हास पुत्र सुरजीत सिंह के खेतों के पास खनन माफिया खुदाई कर रहा था। रोकने पर खनन माफिया ने बेलचे से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। रजनीश मन्हास व उसकी माता राधा रानी ने बताया कि वे अपने खेतों से घास काटकर आ रहे थे और खेतों के पास जब खनन माफिया के लोगों को जेसीबी से खुदाई करने से रोका गया तो उन्होंने बेलचे से मारपीट शुरू कर दी। हमले में रजनीश को सिर पर गहरी चोट आई है। उसे ग्रामीणों ने तुरंत नागरिक अस्पताल नूरपुर पहुंचाया। यहां पर रजनीश का इलाज चल रहा है।
पंचायत के पूर्व प्रधान एवं किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष होशियार सिंह और वार्ड सदस्य अर्जुन सिंह ने कहा कि प्रशासन को खनन माफिया के बारे में कई बार शिकायत की। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने प्रदेश सरकार और प्रशासन से मांग है कि इस अवैध खनन को रोका जाए।
कोट्स
एसडीएम नूरपुर डॉ. सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि अवैध खनन पर समय-समय पर कार्रवाई होती है। आगे भी जारी रहेगी। वहीं, डीएसपी नूरपुर साहिल अरोड़ा ने एक व्यक्ति के सिर पर चोट लगी है। उसका मेडिकल करवाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज छानबीन की जा रही है।