चामुंडा (कांगड़ा)। नौ देवियों की यात्रा पर निकले पंजाब के श्रद्धालुओं का चामुंडा में रात को पूरा सामान चोरी हो गया है। सामान के साथ शातिर 15000 हजार रुपये की नकदी सहित मोबाइल फोन भी उड़ा ले गए हैं।
शुक्रवार रात को चामुंडा मंदिर में खुले आसमान के नीचे सोए इन श्रद्धालुओं के पास शनिवार को सुबह कपड़े भी पहनने को नहीं बचे थे। पुलिस चौकी चामुंडा से मौके पर पुलिस टीम पहुंची, लेकिन श्रद्धालुओं ने शिकायत करने से मना कर दिया। पंजाब के फगवाड़ा से जीत राम और भूपिंदर अपने परिवार के 15 से 20 सदस्यों के साथ टैंपो में चामुंडा पहुंचे थे। शुक्रवार को सायं मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए। रात को सराय न मिलने पर लंगर भवन के पास खुले आसमान के नीचे ही डेरा जमा लिया। लेकिन जब सुबह उठे तो उन्होंने देखा कि उनका सारा सामान गायब था। इसमें कपड़े, बैग, मोबाइल सहित नकदी भी चोरी हो गई थी।
उधर, पुलिस चौकी चामुंडा प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि रात 10 बजे गश्त करने के लिए गए थे। उस समय सब ठीक था, लेकिन सुबह जीत राम और उनके परिवार के अन्य सदस्यों ने उन्हें चोरी की बात बताई। श्रद्धालुओं ने इस संबंध में शिकायत देने से मना कर दिया। वहीं पीड़ित जीत राम, परमजीत कौर और भूपिंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार को उनके पास बच्चों को दूध पिलाने के लिए भी पैसे नहीं रहे थे। नौ देवियों की यात्रा के लिए निकले थे, लेकिन अब वह घर वापस जा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि चामुंडा मंदिर में श्रद्धालुओं को ठहरने की उचित व्यवस्था की जाए।