धीरा (कांगड़ा)। स्थानीय बाजार में चोरों ने रविवार रात को कपड़े की दुकान में ताले तोड़ कर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया है। चोरों ने दुकान के ताले तोड़ कर वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने घटनास्थल का दौरा कर छानबीन शुरू कर दी है। चोरी का पता सोमवार सुबह चला, जब दुकान की मालकिन दुकान पहुंची। उसने देखा कि दुकान के ताले टूटे हुए थे। सविता कुमारी ने बताया कि चोर उसकी दुकान से लाखों रुपये का सामान चोरी कर ले गए हैं। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस चौकी धीरा में दी।
सूचना मिलते ही पुलिस चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह नेतृत्व में एक दल ने घटनास्थल का दौरा किया। इसके बाद थाना भवारना से थाना प्रभारी कुलवंत भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हर तथ्य को खंगाल कर चोरी की वारदात की छानबीन शुरू कर दी है। उधर, थाना प्रभारी भवारना कुलवंत सिंह ने कहा कि पुलिस ने घटनास्थल का दौरा कर लिया है। पुलिस ने धारा 457 और 380 के तहत अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।