ट्रक और बाइक की टक्कर में
बाप-बेटे की मौके पर मौत
सदवां के पास भंगोला में दर्दनाक हादसा
दुर्घटना में बाइक सवार का सात वर्षीय दूसरा बेटा भी घायल
अमर उजाला ब्यूरो
नूरपुर (कांगड़ा)। नूरपुर थाना के सदवां के पास भंगोला गांव में देर सायं एक सड़क हादसे में बाप-बेटे की मौत हो गई, जबकि एक बेटा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार राजकुमार (36) निवासी हार अपने दोनों बेटों के साथ सुलियाली से सदवां की तरफ बाइक (पीबी 54 बी 6638) पर आ रहा था। इसी दौरान सदवां के पास भंगोला में सामने से तेज गति से आ रहे ट्रक (पीबी 06-8721) से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में राज कुमार और उसके पांच वर्षीय बेटे नैतिक की मौत हो गई, जबकि राज कुमार का सात साल का बेटा वंश गंभीर रूप से घायल हुआ। वंश को गंभीर अवस्था में नूरपुर अस्पताल ले जाया गया यहां उसको प्राथमिक उपचार के बाद टांडा रेफर कर दिया गया। मृतक राज कुमार चेन्नई में कैंटर चलाता था और बुधवार को ही अपने चेचेरे भाई की शादी के लिए घर पहुंचा था, जो नौ मार्च को होनी है। इस हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। वहीं, इस हादसे की सूचना मिलते ही तहसीलदार नूरपुर गणेश ठाकुर भी अस्पताल पहुंच गए और प्रशासन की तरफ से 15 हजार की राशि दी। उधर, डीएसपी साहिल अरोड़ा ने बताया कि पुलिस ने इस संदर्भ में आरोपी ट्रक चालक के गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया है।